टीबी उन्मूलन अभियान में पूर्णिया का शानदार प्रदर्शन, बिहार में मिला दूसरा स्थान

टीबी उन्मूलन अभियान में पूर्णिया ने हासिल किया दूसरा स्थान, राज्यपाल व स्वास्थ्य मंत्री ने किया सम्मानित

पूर्णिया, संवाददाता। प्रधानमंत्री निक्षय मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पूर्णिया जिले को बिहार में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के लिए पटना में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में पूर्णिया के सिविल सर्जन डॉ. पी.के. कनौजिया, जिला यक्ष्मा रोग पदाधिकारी डॉ. सलमान हैदर तथा जिला स्वास्थ्य समिति के जिला प्रबंधक सौरेंद्र दास को राज्यपाल एवं स्वास्थ्य मंत्री द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस संबंध में जिला यक्ष्मा रोग पदाधिकारी डॉ. सलमान हैदर ने बताया कि प्रधानमंत्री निक्षय मुक्त भारत अभियान के तहत जिले के 312 संवेदनशील गांवों का निरीक्षण किया जाना था। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 108 गांवों में विशेष जांच अभियान चलाया, जिसमें करीब 10 हजार लोगों की टीबी जांच एवं एक्स-रे कराया गया।

उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन और बेहतर प्रदर्शन के आधार पर पूर्णिया जिले को राज्य स्तर पर दूसरा स्थान मिला है। इस सूची में सीतामढ़ी जिला प्रथम स्थान पर रहा, जबकि पूर्णिया ने दूसरा स्थान हासिल कर सीमांचल का गौरव बढ़ाया है।

डॉ. हैदर ने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को आगे आना होगा। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि निक्षय मित्र अभियान के तहत टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके पोषण एवं उपचार में सहयोग करें, ताकि देश को टीबी मुक्त बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प को साकार किया जा सके।

स्वास्थ्य विभाग की इस उपलब्धि पर जिले के चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने खुशी जताई है और इसे टीमवर्क का परिणाम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *