शारदीय खरीफ महा अभियान कार्यशाला का हुआ उद्घाटन, कृषि में नवाचार और आधुनिक तकनीक पर जोर

पूर्णिया। कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने और किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित शारदीय खरीफ महा अभियान जिला स्तरीय कार्यशाला का उद्घाटन बुधवार को पूर्णिया प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में कृषि विभाग के वरीय अधिकारियों के अलावा अनुमंडल, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के कृषि कर्मियों तथा बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्रेशन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने कहा कि कृषि क्षेत्र में नवाचार, नई तकनीकों का उपयोग, आधुनिक खेती, सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा पोषक तत्व प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यशाला में प्रशिक्षित कृषि कर्मी गांव-गांव जाकर किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने और बेहतर कृषि प्रबंधन की जानकारी देंगे।

उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ कृषि में आधुनिक तकनीक का समावेश आवश्यक है। इससे उत्पादन बढ़ेगा, लागत कम होगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी। साथ ही सरकार की योजनाओं का लाभ भी अधिक से अधिक किसानों तक पहुंच सकेगा।

कार्यशाला में कृषि विशेषज्ञों ने खरीफ फसलों की उन्नत खेती, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, संतुलित उर्वरक उपयोग तथा जल संरक्षण के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में किसानों और कृषि कर्मियों से कृषि विकास के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *