आयोग अध्यक्ष के काफिले की दो गाड़ियां टकराईं, बड़ा हादसा टला

पूर्णिया। कृत्यानंद नगर थाना क्षेत्र के परोरा चौक के समीप सोमवार को राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष तल्लू बासुकी के काफिले की दो गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसे में सभी लोग सुरक्षित रहे, हालांकि दोनों वाहनों को क्षति पहुंची है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आयोग के अध्यक्ष तल्लू बासुकी एवं सदस्य राजकुमार वेलाग अनुसूचित विद्यालय, जानकीनगर के निरीक्षण के लिए जा रहे थे। इसी दौरान कृत्यानंद नगर थाना से पहले परोरा चौक के पास सड़क किनारे मक्का लदे ट्रैक्टर और पिकअप वाहनों की कतार लगी हुई थी, जिससे सड़क पर आवागमन प्रभावित था।

बताया जाता है कि अचानक एक बाइक सवार काफिले के बीच में आ गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में स्कॉर्ट टीम की बोलेरो और आयोग सदस्य राजकुमार की गाड़ी आपस में टकरा गई। टक्कर काफी तेज थी, लेकिन वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।

घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही कृत्यानंद नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटवाकर जाम की स्थिति को सामान्य कराया।

अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य राजकुमार ने बताया कि दुर्घटना बाइक सवार को बचाने के दौरान हुई। उन्होंने कहा कि सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई है। हालांकि दुर्घटना में वाहनों को नुकसान पहुंचा है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के कारण उत्पन्न हुई स्थिति की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *