आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने पर कृषि महाविद्यालय में युवा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

पूर्णिया, प्रतिनिधि। आकाशवाणी की स्थापना के 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आकाशवाणी पूर्णिया द्वारा भोला पासवान शास्त्री कृषि महाविद्यालय में युवा जागरूकता पहल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने “राष्ट्र निर्माण में आकाशवाणी की भूमिका” तथा “किसानों के लिए आकाशवाणी” विषयों पर परिचर्चा कर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.के. महतो ने आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आकाशवाणी का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। देश के सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक विकास में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी ने वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों और किसानों तक उपयोगी जानकारी पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया है।

इस अवसर पर आकाशवाणी पूर्णिया के कार्यक्रम अधिशासी शिवाजी झा ने कहा कि आकाशवाणी युवाओं, किसानों, कलाकारों एवं समाज के सभी वर्गों के लिए विविध विषयों पर उपयोगी कार्यक्रमों का प्रसारण करती है। उन्होंने कहा कि बदलते समय में भी आकाशवाणी अपनी विश्वसनीयता और जनसरोकारों के कारण लोगों के बीच लोकप्रिय बनी हुई है।

वहीं कार्यक्रम प्रमुख आशीष कुमार सिंह ने कहा कि अपने 90 वर्षों के गौरवशाली सफर में आकाशवाणी ने राष्ट्र निर्माण, जनजागरण तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने विद्यार्थियों को आकाशवाणी के विभिन्न कार्यक्रमों और इसकी उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने ओडिसी नृत्य, लोकगीत एवं पारंपरिक लोकनृत्य डोमकच की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण तथा आकाशवाणी के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *