पूर्णिया। नए सदर एसडीपीओ अभिनव परासर के नेतृत्व में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जीरोमाइल स्थित शीशाबाड़ी के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक स्कॉर्पियो एन से 800 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों की बड़ी खेप वाहन के जरिए इलाके से गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर शीशाबाड़ी के पास विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो एन को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
हैरानी की बात यह रही कि स्कॉर्पियो पर “स्वास्थ्य विभाग, सिविल सर्जन मधेपुरा” का बोर्ड लगा हुआ था। पुलिस को शक होने पर जब वाहन की गहन जांच की गई तो उसमें से 800 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके बाद वाहन में सवार दोनों युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र निवासी दिलवर कुमार (पिता- सचेंद्र यादव) तथा घेलाढ़ थाना क्षेत्र निवासी रणजीत यादव (पिता- प्रमोद यादव) के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास और संभावित तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है।
पुलिस ने ब्राउन शुगर, स्कॉर्पियो वाहन और अन्य सामान को जब्त कर लिया है। पूछताछ के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मादक पदार्थों की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किस स्थान पर की जानी थी।
सदर एसडीपीओ अभिनव परासर ने कहा कि जिले में नशा तस्करी और अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून का दुरुपयोग कर सरकारी विभागों का नाम इस्तेमाल करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि जिलेभर में वाहन जांच और विशेष छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
