पूर्णिया एयरपोर्ट की सुरक्षा होगी और मजबूत, जल्द खुलेगी पुलिस टीओपी: एडीजी नैयर हसनैन खान

पूर्णिया। बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) नैयर हसनैन खान ने पूर्णिया दौरे के दौरान एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय पूर्णिया एयरपोर्ट की सुरक्षा को लेकर गंभीर हैं तथा सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

एडीजी ने बताया कि उन्होंने हाल ही में पूर्णिया एयरपोर्ट का निरीक्षण किया था, जहां जवानों और अधिकारियों की कार्यप्रणाली, सुरक्षा इंतजामों तथा उनकी मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। इसके बाद पूर्णिया में डीडीसी, आईजी, एसपी और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट की सुरक्षा को देखते हुए जल्द ही एयरपोर्ट परिसर में एक पुलिस टीओपी (टाउन आउट पोस्ट) स्थापित की जाएगी। वर्तमान में एयरपोर्ट के सबसे नजदीकी थाना मरंगा है, जिसकी दूरी लगभग 10 किलोमीटर है। शाम के समय एयरपोर्ट परिसर और आसपास का इलाका अपेक्षाकृत सुनसान हो जाता है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए एयरपोर्ट पर पुलिस की नियमित मौजूदगी आवश्यक है।

एडीजी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया गया है कि एयरपोर्ट क्षेत्र में 112 पुलिस वाहन को पर्याप्त बल के साथ तैनात रखा जाए, ताकि यात्रियों, एयरपोर्ट कर्मचारियों तथा केंद्रीय एवं राज्य सरकार के अधिकारियों-कर्मचारियों को सुरक्षा प्रदान की जा सके।

उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) की टीम भी तैनात की गई है। फिलहाल टीम में 8 से 10 जवान शामिल हैं, जिसकी संख्या भविष्य में बढ़ाकर 20 से 25 तक की जा सकती है। यह टीम एंटी-सैबोटेज चेकिंग, क्षेत्र की सैनिटाइजेशन और अन्य सुरक्षा संबंधी गतिविधियों की जिम्मेदारी निभाएगी।

एडीजी ने कहा कि वर्तमान में सुरक्षा बलों के लिए आवास और अन्य संसाधनों की कुछ समस्याएं हैं, जिनके समाधान के लिए जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। जवानों के लिए बेहतर आवास, कैंटीन और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

इस दौरान एडीजी ने बिहार में गठित की जा रही राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (SISF) का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि यह बल केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है। भविष्य में एयरपोर्ट, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे SISF का विस्तार होगा, पूर्णिया एयरपोर्ट की सुरक्षा में भी इसकी तैनाती की जाएगी।

एडीजी नैयर हसनैन खान ने कहा कि पूर्णिया एयरपोर्ट की सुरक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और आने वाले समय में यहां सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं आधुनिक बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *