भीषण सड़क हादसा: सांख्यिकी पदाधिकारी के दोनों पैर फ्रैक्चर, चालक का पैर कटा

सहयोग शिविर जा रहे पदाधिकारियों की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त, सांख्यिकी पदाधिकारी के दोनों पैर फ्रैक्चर, चालक का पैर कटा

अमौर, प्रतिनिधि। अमौर प्रखंड क्षेत्र के हफनियां में आयोजित सहयोग शिविर में शामिल होने जा रहे दो पदाधिकारियों की सरकारी स्कॉर्पियो बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में सांख्यिकी पदाधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि वाहन चालक का एक पैर कट गया। हादसे के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सांख्यिकी पदाधिकारी ज्योतिष चंद्र कुमार एवं श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी आदित्य कुमार सरकारी स्कॉर्पियो (बीआर 11पीसी 7505) से हफनियां स्थित सहयोग शिविर में भाग लेने जा रहे थे। सुबह करीब 9 बजे बायसी-वैसा स्टेट हाईवे-99 पर नया टोल गरैया के समीप सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के दौरान चालक ने स्कॉर्पियो को मोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा टकराया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि रेलिंग स्कॉर्पियो के अगले हिस्से को चीरते हुए चालक की सीट से निकलकर पीछे की सीट तक पहुंच गई। हादसे में स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

दुर्घटना में सांख्यिकी पदाधिकारी ज्योतिष चंद्र कुमार के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए। वहीं चालक कालू का एक पैर शरीर से अलग हो गया। श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी आदित्य कुमार को मामूली चोटें आई हैं।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को तत्काल जीएमसीएच पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सांख्यिकी पदाधिकारी ज्योतिष चंद्र कुमार एवं चालक कालू की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों और घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे वाहन की पहचान के लिए हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *