राज भूषण निषाद बोले- घुसपैठियों के खिलाफ केंद्र सरकार की कार्रवाई जारी

पूर्णिया, संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 का दो दिवसीय शुभारंभ शनिवार को पूर्णिया के पाट व्यवसाई भवन में केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण निषाद ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के साथ हुई।

इस अवसर पर सत्तारूढ़ दल के सचेतक कृष्ण कुमार ऋषि, पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका सहित भाजपा संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

आयोजकों ने बताया कि दो दिवसीय प्रशिक्षण महाभियान के दौरान बिहार सरकार के कई मंत्री, संगठन प्रभारी और वरिष्ठ नेता विभिन्न सत्रों में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यशैली, जनसंपर्क, शिष्टाचार तथा केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे घर-घर जाकर लोगों तक योजनाओं का लाभ और जानकारी पहुंचा सकें।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण निषाद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी समय-समय पर इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करती है। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य कार्यकर्ताओं के ज्ञान का संवर्धन करना, संगठनात्मक दक्षता बढ़ाना तथा जनसेवा के प्रति उनके दायित्वों को मजबूत बनाना है।

अपने संबोधन में मंत्री ने सीमा सुरक्षा और अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि देश के कुछ राज्यों में, जहां कांग्रेस या उसके समर्थन से सरकारें संचालित हैं, वहां बड़ी संख्या में बांग्लादेशी घुसपैठियों ने अपना ठिकाना बना लिया है। उन्होंने कहा कि सीमाओं पर फेंसिंग का कार्य तेजी से चल रहा है और केंद्र सरकार अवैध घुसपैठ के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है।

सीमांचल क्षेत्र में घुसपैठ के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि कुछ नेता वोट बैंक की राजनीति के लिए कथित तौर पर घुसपैठियों को आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज उपलब्ध कराने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस विषय पर किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।

दो दिवसीय प्रशिक्षण महाभियान के दौरान संगठनात्मक विषयों के अलावा केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, जनसंपर्क अभियान और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी कार्यकर्ताओं को विस्तृत जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *