पटना/रांची। भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। राजधानी पटना समेत बिहार के ज्यादातर जिलों में 5 मई तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल लू का असर कम रहेगा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
हालांकि राज्य के कुछ हिस्सों में अब भी गर्मी का असर बना रहेगा। रोहतास, कैमूर और औरंगाबाद में तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है, जबकि बाकी जिलों में तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है।
इधर, उत्तर-पूर्व भारत के साथ बिहार और झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। काल-बैसाखी (नॉर्वेस्टर) के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक तेज आंधी, 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं, मूसलाधार बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
रांची में 1 मई से 5 मई तक रोजाना आंधी-तूफान के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। यहां अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जिससे हीट वेव की स्थिति नहीं बनेगी।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आंधी-तूफान के दौरान घरों में रहने, कमजोर निर्माण से दूर रहने, दोपहर की तेज धूप से बचने और अधिक से अधिक पानी पीने की अपील की गई है।
