रिपोर्टर: करन कुमार, कटिहार।
सरकारी तंत्र में बढ़ते वर्कलोड और नौकरी बचाने के दबाव की एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामला नारायणपुर पंचायत के सोहा मध्य भाग वार्ड संख्या-7 का है, जहां आंगनबाड़ी सेविका प्रेमलता हेंब्रम गंभीर रूप से बीमार होने के बावजूद सलाईन लगी हालत में केंद्र पहुंच गईं। बताया जा रहा है कि प्रेमलता हेंब्रम की तबीयत खराब थी और वह छुट्टी पर थीं।
इसी दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी (एलएस) वीणा भारती केंद्र के निरीक्षण के लिए पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान सेविका की अनुपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल उपस्थित होने का निर्देश दिया। नौकरी को लेकर दबाव में आई सेविका अपने पति के साथ सलाईन लगी हालत में ही केंद्र पहुंच गईं, ताकि अपनी बीमारी का प्रमाण दे सकें।
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है। लोगों का आरोप है कि अधिकारी द्वारा अनावश्यक दबाव और अमानवीय व्यवहार किया गया, जिससे एक बीमार महिला को इस हालत में आने को मजबूर होना पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना सरकारी कर्मचारियों पर बढ़ते दबाव और कार्यस्थल की परिस्थितियों को लेकर एक बड़ा सवाल खड़ा कर रही है।
