कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत के बाद मचे बवाल पर अब पुलिस ने हालात को नियंत्रण में होने का दावा किया है। मामले को लेकर एसपी शिखर चौधरी ने विस्तृत जानकारी देते हुए कई अहम खुलासे किए हैं।
एसपी के अनुसार, मृतक को लूट के एक मामले में हिरासत में लिया गया था। हिरासत के दौरान उसने हाजत में फांसी लगाने की कोशिश की, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है। पुलिस ने तत्काल उसे हाजत से निकालकर पहले प्रखंड स्तर के अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। गुस्साई भीड़ ने फलका थाने में तोड़फोड़ की और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस के साथ झड़प भी हुई और हथियार छीने जाने की बात सामने आई।
हालांकि एसपी ने स्पष्ट किया कि छीने गए हथियार को पुलिस ने बरामद कर लिया है। साथ ही, थाने में हंगामा और तोड़फोड़ करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिरासत में मौत के मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से थाना अध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया है, जबकि केस के जांच अधिकारी (आईओ) पर भी कार्रवाई की गई है।
एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि फिलहाल इलाके में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर निगरानी रखी जा रही है। घटना की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
