बिहार में फर्जी अस्पतालों पर शिकंजा, “न्यू स्टार हॉस्पिटल” सील।
पूर्णिया के जलालगढ़ एनएच-27 फ्लाईओवर के उत्तरी भाग स्थित “न्यू स्टार हॉस्पिटल” पर गुरुवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। सदर एसडीएम स्वेतम दीक्षित के नेतृत्व में गठित मेडिकल टीम ने करीब चार घंटे तक जांच-पड़ताल की, जिसके बाद अस्पताल को अवैध संचालन के आरोप में बंद कर दिया गया।
जांच के दौरान अस्पताल में न तो संचालक मौजूद मिला और न ही कोई स्टाफ। हालांकि मौके पर दो महिला मरीज अपने परिजनों के साथ मिलीं। इनमें से एक महिला का उसी दिन प्रसव हुआ था, जबकि दूसरी का प्रसव तीन दिन पहले हुआ था। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए प्रसव कराने वाली महिला को एम्बुलेंस के जरिए जीएमसीएच पूर्णिया रेफर कर दिया, वहीं दूसरी महिला को उसकी इच्छा पर सुरक्षित घर भेज दिया गया।
मरीजों की स्वास्थ्य जांच के लिए जलालगढ़ पीएचसी की एएनएम को मौके पर बुलाया गया, जिनकी निगरानी में दोनों महिलाओं की स्थिति का आकलन किया गया। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की गई।
सदर एसडीएम स्वेतम दीक्षित ने बताया कि अस्पताल के खिलाफ पूर्व में भी शिकायतें मिली थीं, जिसके आधार पर जांच टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान अस्पताल से किसी प्रकार के वैध कागजात नहीं मिले और कई नियमों का उल्लंघन भी सामने आया। उन्होंने कहा कि संचालक को नोटिस देकर निर्धारित समय सीमा में कागजात प्रस्तुत करने को कहा जाएगा। यदि वह ऐसा नहीं करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान बीडीओ ममता कुमारी, थानाध्यक्ष दीपक कुमार, सीएमओ सीपी मंडल, डीआई और मेडिकल अधिकारी रवि रोशन समेत कई अधिकारी मौजूद थे।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में संचालित अन्य अवैध नर्सिंग होम भी बंद नजर आए, जिससे स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। गौरतलब है कि इस अस्पताल की पूर्व में भी जांच हो चुकी थी, बावजूद इसके इसका अवैध संचालन जारी रहना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है।
