पूर्णिया में ‘खौफ का घर’ बेनकाब, बंधक युवती छुड़ाई, हथियारों का जखीरा बरामद

बंधक युवती की सकुशल बरामदगी, भारी मात्रा में हथियार और नकदी बरामद

पूर्णिया: पूर्णिया जिले के गुलाबबाग स्थित गुंडा चौक पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बंधक युवती को सुरक्षित मुक्त कराया है। इस दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और नकदी भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 31 मार्च 2026 की रात गुलाबबाग टीओपी (सदर थाना) की टीम ने भवानीपुर थाना पुलिस के साथ संयुक्त रूप से एक चिन्हित मकान में छापेमारी की। यह कार्रवाई भवानीपुर थाना कांड संख्या 83/26 में अपहृता की बरामदगी को लेकर की गई थी।

छापेमारी के दौरान घर का दरवाजा खुलवाने पर अंदर मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम प्रहलाद कुमार जयसवाल (62 वर्ष) बताया। इसी बीच घर के अंदर से एक युवती रोते-चिल्लाते हुए बाहर आई और अपने परिजनों से लिपट गई। युवती ने आरोप लगाया कि उसे बंधक बनाकर रखा गया था और आरोपी के पास भारी मात्रा में हथियार मौजूद हैं।

पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने घर की तलाशी ली, जिसमें एक लोडेड देशी कट्टा, दो रिवॉल्वर, 157 जिंदा कारतूस, 7 खोखा, ₹5,80,250 नकद, पासबुक, मोबाइल और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए। सभी सामान को जब्त कर लिया गया है।

इस मामले में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत ने बताया कि आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रहलाद कुमार जयसवाल (62 वर्ष), निवासी गुंडा चौक, सदर थाना क्षेत्र, पूर्णिया के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। वहीं, पूर्णिया पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आम जनता की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *