बिहार सरकार की बड़ी प्रशासनिक सर्जरी, BAS के 51 अधिकारियों का तबादला

पटना: बिहार सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़ा फैसला लिया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने बिहार प्रशासनिक सेवा (BAS) के 51 अधिकारियों का स्थानांतरण एवं नई पदस्थापना की अधिसूचना जारी की है। यह आदेश 28 जनवरी 2026 को जारी किया गया।

इस तबादला सूची में अपर सचिव, संयुक्त सचिव, उप सचिव और विभिन्न जिलों के अनुमंडल पदाधिकारी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। सरकार का मानना है कि इस बदलाव से सचिवालय से लेकर जमीनी स्तर तक कामकाज में तेजी आएगी।

सचिवालय स्तर पर स्वास्थ्य, कला एवं संस्कृति, समाज कल्याण, कृषि और पशुपालन जैसे अहम विभागों में नए अपर एवं संयुक्त सचिवों की तैनाती की गई है।
वहीं मैदानी प्रशासन को मजबूत करने के लिए मोहनियाँ, सिकरहना, अररिया सदर, बगहा, शेखपुरा और महुआ सहित कई अनुमंडलों में नए एसडीओ की नियुक्ति की गई है।
भूमि सुधार से जुड़े विभागों में भी फेरबदल किया गया है। औरंगाबाद, नालंदा और रोहतास में नए बंदोबस्त पदाधिकारी तैनात किए गए हैं, जबकि पटना, दरभंगा और पूर्णिया को नए जिला भू-अर्जन पदाधिकारी मिले हैं।

इसके अलावा सुन्नी वक्फ बोर्ड, बिहार राज्य कर्मचारी चयन आयोग, अल्पसंख्यक आयोग और शिक्षा आधारभूत संरचना विकास निगम में भी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियाँ दी गई हैं।
अधिसूचना में साफ निर्देश दिया गया है कि सभी अधिकारी बिना किसी पारगमन अवधि के तुरंत अपने नए पदस्थापन पर योगदान देंगे। अनुमंडल पदाधिकारियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के तहत कार्यपालक दंडाधिकारी की शक्तियाँ भी दी गई हैं।
