पूर्णिया के लाल ने वैश्विक मंच पर रचा इतिहास, कोडिंग प्रतियोगिता 2026 में हासिल किया प्रथम स्थान।
भारत वन हिंदी, पूर्णिया।
पूर्णिया जिले के होनहार युवक सूर्य शेखर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और देश का नाम रोशन करते हुए एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। अहमदाबाद में आयोजित विश्व स्तरीय कोडिंग प्रतियोगिता 2026 में उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त कर वैश्विक मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता विश्व की अग्रणी टेक कंपनियों के सहयोग से आयोजित की गई थी, जिसकी अगुवाई लारावेल (Laravel) फ्रेमवर्क द्वारा की गई। प्रतियोगिता में 20 से अधिक देशों के करीब 1200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें प्रतिभागियों को कोडिंग चैलेंज, टेक्निकल स्किल्स और नेटवर्किंग क्षमताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना था।
सूर्य शेखर ने कड़े मुकाबले के बीच सभी प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। उनकी इस असाधारण सफलता पर लारावेल के संस्थापक टेलर ओटवेल ने उन्हें MacBook M4 देकर सम्मानित किया।
इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए सूर्य शेखर ने कहा कि उनकी सफलता में उनके माता-पिता और बड़े भाई राजशेखर— जो स्वयं एक सॉफ्टवेयर डेवलपर हैं — का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने इसे अपने करियर की एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सफलता उनके भविष्य के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी।
सूर्य शेखर ने टेलर ओटवेल से मुलाकात के अनुभव को साझा करते हुए कहा कि उनसे प्रेरणा लेना और तकनीकी विकास को लेकर चर्चा करना उनके लिए अत्यंत प्रोत्साहन और प्रेरणा का स्रोत रहा।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से न केवल पूर्णिया, बल्कि पूरे बिहार में खुशी और गर्व की लहर है। सूर्य शेखर की यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन गई है।
