निगरानी टीम ने घूस लेते राजस्व कर्मचारी को रंगे हाथ किया गिरफ्तार, मचा हड़कंप।
भारत वन हिंदी ब्यूरो, मोतिहारी।
पूर्वी चंपारण जिले में निगरानी विभाग की टीम ने एक बार फिर भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घूसखोर सरकारी कर्मचारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई छोड़ादानो प्रखंड अंतर्गत भेलवा पंचायत में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी सोनू कुमार के खिलाफ की गई है।
जानकारी के अनुसार, भेलवा पंचायत के एक किसान ने अपनी जमीन के दाखिल-खारिज से संबंधित कार्य के लिए राजस्व कर्मचारी सोनू कुमार से संपर्क किया था। आरोप है कि कर्मचारी ने दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पूरी करने के एवज में किसान से अवैध रूप से पांच हजार रुपये की मांग की। किसान द्वारा रिश्वत देने से इनकार करने पर कर्मचारी ने आवेदन निरस्त करने की धमकी दी।
पीड़ित किसान ने मजबूरी में घूस देने की हामी तो भरी, लेकिन साथ ही पूरे मामले की लिखित शिकायत निगरानी विभाग में दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद निगरानी टीम ने मामले की गोपनीय जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए।
इसके बाद निगरानी विभाग ने जाल बिछाया। घूस की तय राशि को रसायनयुक्त किया गया और किसान को निर्देश दिया गया कि वह निर्धारित योजना के तहत कर्मचारी को पैसा सौंपे। राजस्व कर्मचारी सोनू कुमार ने किसान को छोड़ादानो रेलवे स्टेशन पर बुलाया।
जैसे ही किसान ने पांच हजार रुपये की घूस कर्मचारी को दी और कर्मचारी ने रकम अपने पास रखी, पहले से तैनात निगरानी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम ने आरोपी कर्मचारी को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और उससे पूछताछ जारी है। इस कार्रवाई के बाद जिले के राजस्व विभाग सहित अन्य सरकारी महकमों में हड़कंप का माहौल है।
