भूमि सुधार जनसंवाद में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा का सख़्त संदेश।
भागलपुर में नागरिक अभिनंदन, अधिकारियों और भू-माफियाओं को चेतावनी।

बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं भूमि एवं राजस्व सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा सोमवार को भूमि सुधार एवं जन-जनकल्याण संवाद कार्यक्रम में शामिल होने भागलपुर पहुंचे। उनके आगमन पर शहर के एक होटल में नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

इन दिनों उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा जिलावार भूमि से जुड़े मामलों—दाखिल-खारिज, परिमार्जन, वर्षों से लंबित विवाद और अधिकारियों की लापरवाही—की गहन समीक्षा कर रहे हैं। इसी क्रम में भागलपुर के टाउन हॉल में आयोजित भूमि सुधार जनसंवाद कार्यक्रम में उन्होंने आम जनता से सीधा संवाद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस दौरान फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी और ऑनलाइन सेवाओं—दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस सहित भूमि से संबंधित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
“जमीन का हर इंच महत्वपूर्ण” — विजय सिन्हा
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की जनता के लिए भूमि का एक-एक इंच बेहद महत्वपूर्ण है। जो लोग नियम के विरुद्ध जाकर गड़बड़ी कर रहे हैं, उन्हें चिन्हित किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार किसी व्यक्ति या दल के पक्ष में नहीं है, बल्कि जनता के साथ अन्याय करने वालों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने घोषणा की कि अब जनता दरबार थाना परिसर के बजाय अंचल कार्यालयों में आयोजित होंगे, ताकि लोगों को भयमुक्त माहौल मिल सके। जमीन मापी व्यवस्था को और बेहतर बनाने की बात करते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जे की सूचना देने वालों को सम्मानित किया जाएगा तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अंचल अधिकारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। ऑनलाइन सेवाओं की जवाबदेही अंचल कार्यालय और सीएससी पर तय की गई है। गड़बड़ी करने वालों पर एफआईआर दर्ज कर जेल भेजने की चेतावनी भी उन्होंने दी।
विपक्ष पर भी साधा निशाना
विजय कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा—
“छोड़ो कल की बातें, कल की बात पुरानी—नए दौर में मिलकर नई कहानी लिखेंगे।”
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखने वालों का अब खैर नहीं है।
गृह रक्षा वाहिनी के जवानों का हंगामा

कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब गृह रक्षा वाहिनी के चयनित जवानों ने नियुक्ति की मांग को लेकर विरोध दर्ज कराया। जवानों का आरोप था कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद उन्हें अब तक नियुक्ति पत्र नहीं मिला, जबकि अन्य जिलों में नियुक्ति हो चुकी है। इस दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर दोपहर तीन बजे बातचीत का आश्वासन दिया, जिसके बाद जवान शांतिपूर्वक बैठे रहे।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में भूमि एवं राजस्व विभाग के प्रधान सचिव सी.के. अनिल, विभागीय सचिव गोपाल मीणा, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
भू-माफियाओं पर गिरेगी गाज़
जनसंवाद के अंत में उपमुख्यमंत्री ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि बिहार के भू-माफियाओं की गोपनीय सूची तैयार की जा रही है और समय आने पर उन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह जनसंवाद केवल शिकायतों का मंच नहीं, बल्कि यह संदेश है कि अब बिहार में भूमि गड़बड़ियों पर सख़्ती तय है।
