कटिहार–जोगबनी रेलखंड पर शुक्रवार की सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। कसबा स्टेशन गुमटी के पास तड़के करीब चार बजे बंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से पूर्णिया राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मृतक और घायल सभी युवक 14 से 18 वर्ष की उम्र के बताए जा रहे हैं। अब तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सभी युवक दशहरा मेला देखकर रेलवे ट्रैक से पैदल पूर्णिया की ओर लौट रहे थे। अंधेरा होने के कारण वे जोगबनी से आ रही बंदे भारत एक्सप्रेस को देख नहीं पाए और हादसे का शिकार हो गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना स्थल पर एक मृतक युवक के पास पॉलिथिन में समोसा और जलेबी मिली, जो उन्होंने मेले से खरीदी थी। इस घटना से पूरे इलाके में मातम का माहौल है।
हादसे की जानकारी मिलते ही रेलवे मेडिकल ऑफिसर डॉ. अभिनंदन कुमार, आरपीएफ और कसबा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। डॉ. कुमार ने बताया कि घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया है और मृत युवकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोग रेलवे प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं और पटरियों पर रात्रि गश्ती व चेतावनी व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।
