बड़ा हादसा: दुर्गा विसर्जन से पहले बेकाबू स्कॉर्पियो घुसी, पुजारी की मौत, 4 घायल।

पूर्णिया जिले के बायसी थाना क्षेत्र के मीनापुर पंचायत अंतर्गत बैरिया सरबजिया दुर्गा मंदिर पंडाल में गुरुवार देर रात करीब 12:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन से पहले एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो पूजा पंडाल में घुस गई और वहां मौजूद लोगों को कुचलते हुए खेत में पलट गई।

इस हादसे में मंदिर के पुजारी भागवत महलदार (उम्र 60 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वह बैरिया सरबजिया टोला के निवासी थे। वहीं चार श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के समय पंडाल में सिर्फ 5 लोग मौजूद

सूत्रों के अनुसार, घटना के समय पंडाल में केवल पांच लोग ही मौजूद थे। तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक घुस आई। हादसे में पंडाल में लगी सजावट, लाउडस्पीकर और अन्य सामग्री क्षतिग्रस्त हो गई।

ड्राइवर मौके से फरार

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि चालक भी इसी गांव का निवासी है। घटना के वक्त पंडाल के आसपास कोई नाइट गार्ड मौजूद नहीं था, जिससे चालक आसानी से भाग निकला।

माहौल में तनाव, पुलिस जांच में जुटी

हादसे के बाद से पूरे इलाके में तनाव फैल गया है। बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर और गांव में जुटे हुए हैं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और फरार चालक की तलाश तेज कर दी गई है।

👉 विसर्जन से पहले हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *