पूर्णिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऐतिहासिक रैली की तैयारियाँ अंतिम चरण में
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर पूर्णिया जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधि तैयारियों में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में विधायक विजय खेमका ने शनिवार को गुलाबबाग जीरो माइल शिशोबाड़ी एसएसबी कैंप मैदान का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

विधायक ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यवस्थाएँ पूरी सक्रियता से की जा रही हैं। पूरा शहर सज-धजकर प्रधानमंत्री की ऐतिहासिक रैली का गवाह बनने को तैयार है। लोग अपने यशस्वी प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

विजय खेमका ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अवसर पर पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन, वंदे भारत ट्रेन की सौगात देने के साथ-साथ अनेक बड़ी योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इसके लिए पूर्णिया की जनता उत्साहित है और प्रधानमंत्री का आभार प्रकट करने को तैयार है।

विधायक ने दावा किया कि यह रैली ऐतिहासिक होगी, जिसमें लाखों की संख्या में लोग भागीदारी करेंगे। इस विशाल जनसभा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा और चिराग पासवान भी संबोधित करेंगे।
विजय खेमका ने पूर्णिया वासियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में 15 सितम्बर को दोपहर 1 बजे गुलाबबाग जीरो माइल शिशोबाड़ी कैंप मैदान में पहुँचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करें और उनके ऐतिहासिक संबोधन का हिस्सा बनें।
