पटना। बिहार के ग्रामीण इलाकों में बकरी पालन से जुड़े किसानों के लिए बड़ी पहल की तैयारी है। छोटे और सीमांत बकरी पालकों को संगठित कर उन्हें बेहतर बाजार, उचित मूल्य, तकनीकी सुविधाओं और सरकारी योजनाओं से जोड़ने की योजना बनाई जा रही है। इसके तहत प्रखंड स्तर पर प्राथमिक बकरी सहकारी समितियों का गठन किया जाएगा और आगे इन्हें प्रमंडल व राज्य स्तर के Goat Federation (बकरी पालक परिसंघ) से जोड़ा जाएगा।
प्राथमिक बकरी सहकारी समितियों के माध्यम से पालकों को चारा, दवा, टीकाकरण, पशु चिकित्सा और प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं सामूहिक रूप से उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इससे बकरी पालकों को व्यक्तिगत स्तर पर आने वाली लागत और तकनीकी परेशानियों को कम करने में मदद मिलेगी।

बिचौलियों से मिलेगी राहत, सामूहिक बिक्री पर जोर
इस योजना का सबसे अहम हिस्सा बाजार व्यवस्था को मजबूत करना है। बकरी पालक अपनी बकरियों और बकरी उत्पादों की सामूहिक बिक्री कर सकेंगे। इससे बिचौलियों पर निर्भरता कम करने और पालकों को बेहतर कीमत दिलाने की कोशिश होगी।

सहकारी समितियों के जरिए बकरी पालकों को बैंक ऋण, सरकारी योजनाओं, सब्सिडी और बीमा जैसी सुविधाओं से जोड़ने की व्यवस्था विकसित करने की भी योजना है। स्थानीय स्तर पर बकरा-बकरियों की बिक्री के लिए हाट स्थापित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
Goat Federation से बड़े बाजारों तक पहुंच

प्राथमिक समितियों से जुड़े बकरी पालकों को आगे प्रमंडल और राज्य स्तर के Goat Federation से जोड़ा जाएगा। यह परिसंघ बड़े बाजारों तक पहुंच बनाने, सामूहिक ब्रांडिंग, मूल्य संवर्द्धन और सीधे खरीदारों से संपर्क स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
भविष्य में राजधानी और प्रमुख मुख्यालयों में मीट कियोस्क स्थापित करने की योजना भी है। इन कियोस्क के माध्यम से स्वच्छ और हाइजेनिक मीट उपलब्ध कराने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा जा सकता है।
बकरी के दूध को भी बाजार से जोड़ने की तैयारी

बकरी के दूध को संगठित बाजार से जोड़ने की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं। इसके लिए सुधा जैसे नेटवर्क के माध्यम से बकरी के दूध की बिक्री की व्यवस्था विकसित करने पर विचार किया जा रहा है। इससे दूध उत्पादन करने वाले बकरी पालकों को स्थानीय बाजार से आगे संगठित खरीदार मिल सकते हैं।
प्रखंड से जिला स्तर तक विकसित होंगे मार्ट
योजना के तहत प्रखंड से जिला स्तर तक मार्ट विकसित करने की भी तैयारी है। इन मार्ट में बकरी पालकों को दवा, चारा, दाना और मिनरल मिक्सचर जैसी आवश्यक सामग्री उचित दर पर उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इससे पालकों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री के लिए दूर के बाजारों पर निर्भरता कम होगी।
महिलाओं और युवाओं की भागीदारी पर जोर
पूरी व्यवस्था में महिलाओं, ग्रामीण युवाओं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। बकरी पालन को स्वरोजगार और ग्रामीण रोजगार का मजबूत माध्यम बनाने की दिशा में सहकारी मॉडल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हालांकि इस क्षेत्र में चारा संकट, पूंजी की कमी, तकनीकी जानकारी का अभाव और बाजार की अस्थिरता जैसी चुनौतियां भी हैं। इनके समाधान के लिए सामूहिक चारा उत्पादन, सहकारी ऋण, नियमित प्रशिक्षण और डिजिटल बाजार से जुड़ाव पर जोर दिया जा रहा है।
अगर प्राथमिक बकरी सहकारी समिति से लेकर Goat Federation तक की व्यवस्था प्रभावी ढंग से जमीन पर उतरती है, तो बिहार में बकरी पालन को पारंपरिक आजीविका से आगे एक संगठित ग्रामीण व्यवसाय और रोजगार के बड़े माध्यम के रूप में विकसित किया जा सकता है।
