सुखासन गांव में NIA की छापेमारी, आधा दर्जन ठिकानों पर तलाशी जारी, दहशत का माहौल।

कटिहार के सुखासन गांव में NIA की बड़ी छापेमारी, इकबाल हिरासत में।

कटिहार, बिहार।


देशभर के अलग-अलग राज्यों में चल रही एनआईए (NIA) की छापेमारी का असर अब बिहार के कटिहार जिले तक पहुंच गया है। सोमवार को अचानक एनआईए की टीम ने सेमापुर थाना क्षेत्र के सुखासन गांव में धावा बोल दिया। कार्रवाई इतनी गुपचुप तरीके से हुई कि स्थानीय लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। कुछ ही देर में पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकलकर हालात को समझने लगे।

सूत्रों के मुताबिक, गांव के रहने वाले इकबाल को एनआईए ने उनके घर से हिरासत में लिया है। टीम ने बाकायदा उनके परिवार को एक लिखित नोटिस भी सौंपा। इस बात की पुष्टि उनके भाई वसिक ने की है, जो CSP संचालक हैं। वसिक ने बताया कि एनआईए की टीम सर्च वारंट के आधार पर घर में दाखिल हुई और उसके बाद इकबाल को अपने साथ ले गई।

फिलहाल, एजेंसी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

कई ठिकानों पर छापेमारी जारी

जानकारी के अनुसार, केवल इकबाल का ही घर नहीं बल्कि गांव के करीब आधा दर्जन ठिकानों पर भी एनआईए की छापेमारी चल रही है। टीम की मौजूदगी और कड़ी कार्रवाई से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहली बार गांव में इस तरह की छापेमारी देखी है। लोग आपस में तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं कि आखिर कार्रवाई किस मामले से जुड़ी हुई है और किस नेटवर्क की जांच हो रही है।

बड़ा सवाल – क्यों हुई कार्रवाई?

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर सुखासन गांव में एनआईए की दबिश की वजह क्या है। क्या कोई बड़ा नेटवर्क बेनकाब होने वाला है? या फिर इकबाल की गिरफ्तारी किसी बड़ी साजिश से जुड़ी है? इन सभी सवालों के जवाब आने वाले वक्त में साफ होंगे।

फिलहाल इतना तय है कि एनआईए की इस कार्रवाई ने कटिहार जिले के सुखासन गांव में हड़कंप मचा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *