🏆 Join Competition

पाकिस्तानी हैंडलर से कथित संपर्क के आरोप में कटिहार का युवक गिरफ्तार

कटिहार जिले से देश विरोधी गतिविधियों से जुड़े एक गंभीर मामले का खुलासा हुआ है। केंद्रीय जांच एजेंसियों और कटिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कोढ़ा थाना क्षेत्र के मूसापुर गांव निवासी मोहम्मद अहद को पाकिस्तान स्थित एक कथित आतंकी नेटवर्क से संपर्क रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

गिरफ्तार आरोपी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कटिहार व्यवहार न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।

जांच एजेंसियों के अनुसार, मोहम्मद अहद का संपर्क पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर राणा हुनेन उर्फ राणा हुसैन से होने का आरोप है। जांच में सामने आया है कि राणा हुसैन कथित तौर पर शहजाद भट्टी गिरोह से जुड़ा है और भारत में युवाओं को अपने नेटवर्क से जोड़कर देश विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास करता है। एजेंसियों का दावा है कि मोहम्मद अहद इस नेटवर्क में स्थानीय स्तर पर सहयोगी (लोकल लाइनर) की भूमिका निभा रहा था।

प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भारत विरोधी विचारधारा वाले लोगों के संपर्क में था और नए लोगों को जोड़ने की कोशिश कर रहा था। जांच एजेंसियां उसके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट, चैट हिस्ट्री तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच कर रही हैं, ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

कोढ़ा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुनील कुमार शर्मा ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पाकिस्तानी हैंडलर से कथित संपर्क के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। इस संयुक्त अभियान में एटीएस, आईबी, एसटीएफ और कटिहार पुलिस की टीम शामिल रही।

इधर, मूसापुर गांव में गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही लोगों में चर्चा का माहौल बन गया। आरोपी के परिजनों का कहना है कि उन्हें मोहम्मद अहद की किसी भी कथित देश विरोधी गतिविधि की जानकारी नहीं थी।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी के संपर्क में और कौन-कौन लोग थे तथा इस नेटवर्क का विस्तार बिहार या देश के अन्य हिस्सों तक है या नहीं। हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है और आरोपी पर लगे आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/kashvm5r/public_html/bharatonehindi.com/wp-includes/functions.php on line 5581