🏆 Join Competition

बाढ़ ने छीनी राह, तीज की खुशियां नहीं! नाव से पहुंची पूजा की थाली, व्रती महिलाओं ने दी दुआ

नाव से पहुंची पूजा की थाली, बाढ़ प्रभावित व्रती महिलाओं ने दी दुआ और आशीर्वाद

कटिहार। जिले के छह प्रखंड इन दिनों बाढ़ की गंभीर स्थिति से जूझ रहे हैं। चारों तरफ पानी, तबाही और परेशानी के बीच भी पर्व-त्योहार की खुशियां लोगों के हौसले को कायम रखे हुए हैं। तीज पर्व के मौके पर कटिहार के अमदाबाद प्रखंड की दुर्गापुर पंचायत से ऐसी ही मानवीय संवेदना की खूबसूरत तस्वीर सामने आई है।

बाढ़ के कारण दुर्गापुर पंचायत के कई गांवों का मुख्य इलाकों से संपर्क प्रभावित है। ऐसे में तीज व्रत रखने वाली महिलाओं को पूजा सामग्री उपलब्ध कराने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता शेख मसौवर नाव के सहारे सुदूर बाढ़ प्रभावित इलाकों तक पहुंचे। उन्होंने निजी स्तर पर व्रती महिलाओं के लिए साड़ी, फल और तीज पूजा से जुड़ी अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाई।

दुर्गापुर पंचायत के भवानीपुर गांव में भागीरथी देवी, मानती देवी समेत कई महिलाओं तक जब तीज की पूजा सामग्री पहुंची तो उनके चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। बाढ़ की त्रासदी के बीच पूजा सामग्री मिलने से महिलाओं ने शेख मसौवर को दुआएं और आशीर्वाद दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ ने भले ही उनकी राह मुश्किल कर दी हो, लेकिन तीज जैसे महत्वपूर्ण पर्व को मनाने की उनकी आस्था और उत्साह कम नहीं हुआ। वहीं, महिलाओं तक पूजा सामग्री पहुंचाने के बाद युवा सामाजिक कार्यकर्ता शेख मसौवर ने भी संतोष जताया।

बाढ़ प्रभावित दुर्गापुर पंचायत पहुंचकर Bharat One Hindi संवाददाता करण ने व्रती महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ता शेख मसौवर से बातचीत की और बाढ़ के बीच तीज पर्व की इस भावुक तस्वीर को कैमरे में कैद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/kashvm5r/public_html/bharatonehindi.com/wp-includes/functions.php on line 5581