🏆 Join Competition

पासबुक एडिट कर बैंक से ठगी! फर्जी पासबुक के जरिए निकाली रकम, साइबर अपराधी गिरफ्तार

पासबुक एडिट कर बैंक काउंटर से निकाली राशि, साइबर अपराधी गिरफ्तार

पूर्णिया। पूर्णिया पुलिस ने साइबर अपराध के एक नए तरीके का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पासबुक में छेड़छाड़ और उसे एडिट कर बैंक के काउंटर से खाताधारक की राशि निकालने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के पास से फर्जी तरीके से तैयार की गई पासबुक भी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, चुनापुर निवासी एक खाताधारक के खाते से भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा, पूर्णिया से बैंक काउंटर के माध्यम से राशि की निकासी कर ली गई। खाते से राशि निकलने की जानकारी मिलने के बाद खाताधारक ने इसकी शिकायत बैंक प्रबंधन से की। बैंक प्रबंधक ने मामले की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके पास से फर्जी पासबुक बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने पासबुक को किस तरह एडिट किया और बैंक काउंटर पर दस्तावेजों तथा हस्ताक्षर का मिलान किस प्रक्रिया के तहत किया गया।

पूर्णिया के एसडीपीओ अभिनव पाराशर ने बताया कि बैंक काउंटर से पासबुक को एडिट कर राशि की निकासी करने का एक नया साइबर अपराध सामने आया है। इस तरह की घटना सीमांचल के इलाके में सामने आई है, जिसके बाद पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि निकासी के दौरान हस्ताक्षर का मिलान कैसे हुआ। साथ ही बैंक के स्तर पर किसी तरह की लापरवाही या संलिप्तता तो नहीं थी, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस तरीके से और भी लोगों के खातों से राशि निकाली गई हो सकती है। ऐसे में पुराने मामलों और संदिग्ध निकासी की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/kashvm5r/public_html/bharatonehindi.com/wp-includes/functions.php on line 5581