खाद्य सुरक्षा को लेकर मिठाई दुकानों व होटल-रेस्टोरेंट में छापेमारी, गोकुल स्वीट्स समेत कई प्रतिष्ठानों से लिए सैंपल
पूर्णिया। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की कालाबाजारी और मिलावट पर रोक लगाने को लेकर पूर्णिया जिला प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सदर एसडीएम विग्नेश टीए की अगुवाई में शहर के भट्ठा बाजार स्थित प्रतिष्ठित गोकुल स्वीट्स समेत कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाई, चॉकलेट, आइसक्रीम सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए, जिन्हें जांच के लिए पटना भेजा जा रहा है।
जांच टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ उनके मैन्युफैक्चरिंग एवं एक्सपायरी डेट, रखरखाव, रसोईघर की साफ-सफाई और हाइजीन व्यवस्था का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा से संबंधित निर्धारित नियमों का पालन करने का निर्देश दिया।
सदर एसडीएम विग्नेश टीए ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मिठाई दुकानों के अलावा भोजनालय, होटल और रेस्टोरेंट सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान जहां भी नियमों का उल्लंघन या किसी प्रकार की कमी पाई जाएगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि एडीएसओ और फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर समेत छह सदस्यीय टीम गठित कर भट्ठा बाजार में जांच की गई। इस दौरान दो से तीन दुकानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए हैं। सभी सैंपल को जांच के लिए पटना भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने बताया कि जांच के दौरान आर्टिजंस रूल्स के उल्लंघन से संबंधित जानकारी भी सामने आई है। उन्होंने जिले के सभी खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की कि वे अपने संस्थान का खाद्य लाइसेंस एवं पंजीयन समय पर कराकर रखें और खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत निर्धारित सभी नियमों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह जांच अभियान जिले के साथ-साथ सभी अनुमंडलों में आगे भी जारी रहेगा।
गोकुल स्वीट्स के किचन की भी हुई जांच
जांच टीम ने गोकुल स्वीट्स के किचन सहित दुकान में रखी विभिन्न प्रकार की मिठाइयों, चॉकलेट और आइसक्रीम की जांच की। आवश्यकतानुसार खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए गए। जांच के दौरान दुकान पर ग्राहकों की भीड़ मौजूद थी और लोग विभिन्न प्रकार की मिठाइयां एवं पकवान खरीदते नजर आए।
वहीं, गोकुल स्वीट्स के संचालक गगन तिवारी ने बताया कि भट्ठा बाजार में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की ओर से रूटीन चेकअप किया गया है। अधिकारियों ने जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी हैं। उन्होंने कहा कि गोकुल स्वीट्स का उद्देश्य पूर्णिया के ग्राहकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
