राघोपुर में गंगा का रौद्र रूप, कटाव में एक सदी पुराने मंदिर नदी में समाए
भागलपुर। नवगछिया के राघोपुर में गंगा नदी का कटाव लगातार भयावह होता जा रहा है। तेज धारा और भीषण कटाव के कारण करीब एक सदी पुराने चैती दुर्गा मंदिर और हनुमान मंदिर देखते ही देखते गंगा में समा गए। वर्षों से जिन मंदिरों से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई थी, वहां अब सिर्फ गंगा की उफनती धारा दिखाई दे रही है।
मंदिरों के नदी में समाने का मंजर देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ ही सेकंड के भीतर मंदिर का बड़ा हिस्सा जमीन समेत गंगा की तेज धार में समाता दिखाई दे रहा है।
कटाव की गंभीर स्थिति की जानकारी मिलने के बाद भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडे राघोपुर पहुंचीं और प्रभावित इलाके का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कटाव की स्थिति, प्रभावित परिवारों और राहत-बचाव कार्यों की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने बताया कि कटाव से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों और ऊंचे इलाकों में ले जाया जा रहा है। जिन लोगों के मकान कटाव प्रभावित क्षेत्र में हैं, उनसे भी सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की अपील की जा रही है। प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जरूरत के अनुसार राहत-बचाव कार्य किए जा रहे हैं।
गंगा की तेज धार और लगातार हो रहे कटाव के कारण राघोपुर क्षेत्र में खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और ग्रामीण प्रशासन से कटाव रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
