महिलाओं के लिए 80 पिंक बसें रवाना, बिहार की सभी 1065 बसों में ई-टिकटिंग शुरू
पटना, 08 सितम्बर 2025।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज राजधानी पटना स्थित 1 अणे मार्ग से महिलाओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए 80 पिंक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की सभी 1065 बसों में ई-टिकटिंग सुविधा की भी शुरुआत की।


बसों को रवाना करने से पहले मुख्यमंत्री ने खुद पिंक बसों का निरीक्षण किया और उनमें उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

महिलाओं के लिए सुरक्षित यात्रा
राज्य सरकार ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में यह अहम कदम उठाया है। पिंक बसों का दूसरा चरण शुरू होने से अब महिलाओं को यात्रा के दौरान न केवल सुरक्षा बल्कि बेहतर सुविधा भी मिलेगी। सरकार का दावा है कि इस योजना से महिलाओं को शहर और जिलों में आवाजाही में सहूलियत होगी।
कार्यक्रम में मौजूद रहे बड़े चेहरे
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, परिवहन विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार और कुमार रवि, राज्य परिवहन आयुक्त आशुतोष द्विवेदी समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
परिवहन व्यवस्था होगी आधुनिक
सरकार का कहना है कि ई-टिकटिंग सुविधा से यात्रियों को पारदर्शी और कैशलेस व्यवस्था का लाभ मिलेगा। इससे बस संचालन में पारदर्शिता बढ़ेगी और यात्रियों को टिकटिंग में आसानी होगी।
