सिंगापुर/पूर्णिया (बिहार):
पूर्णिया के संस्कार भारती इकाई के कार्यकर्ता और खुश्की बाग निवासी रतन पोद्दार के सुपुत्र आयुष्मान पोद्दार ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत और बिहार का नाम रोशन किया है। उन्होंने सिंगापुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिप-हॉप डांस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-6 में जगह बनाई।

आयुष्मान जहां एक ओर भारतीय लोकनृत्य में गहरी रुचि रखते हैं, वहीं दूसरी ओर उन्होंने पश्चिमी संस्कृति की हिप-हॉप शैली को अपनी मेहनत और जुनून से साधा है। बेंगलुरु में रहकर वे अंतरराष्ट्रीय नृत्य गुरु एंटो से प्रशिक्षण ले रहे हैं। आर्थिक तंगी और वीज़ा रिजेक्शन जैसी कठिनाइयों के बावजूद आयुष्मान ने हिम्मत नहीं हारी और अपने सपनों को साकार किया।
इस प्रतियोगिता में 20 से अधिक देशों के 300 से ज्यादा नर्तकों ने हिस्सा लिया, जिनमें बिहार से केवल आयुष्मान ने भारत का प्रतिनिधित्व किया। दमदार प्रस्तुति से उन्होंने जजों और दर्शकों का दिल जीत लिया।
आयुष्मान ने अपनी उपलब्धि का श्रेय पिता के सहयोग और गुरु के आशीर्वाद को देते हुए कहा— “यही मेरी सबसे बड़ी ताकत रही है।”
संस्कार भारती पूर्णिया इकाई के कार्यकर्ताओं ने आयुष्मान की सफलता पर गर्व जताते हुए उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दीं और भविष्य के लिए शुभेच्छा व्यक्त की।
