बिहार की सियासत इन दिनों खूब गरमा गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को लेकर महागठबंधन के मंच से की गई आपत्तिजनक टिप्पणी अब एक बड़े विवाद का रूप ले चुकी है।
इस बयान के विरोध में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए ने बिहार बंद का आह्वान किया।
बंद का असर पटना, दरभंगा से लेकर कटिहार तक साफ देखने को मिला। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। बाजार बंद रहे और यातायात भी प्रभावित हुआ।कटिहार में पूर्व डिप्टी सीएम और विधायक तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि भारत में “मातृ देवो भवः” और “पितृ देवो भवः” की परंपरा रही है, ऐसे में किसी भी मां का अपमान पूरे समाज का अपमान है। उन्होंने महागठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता की राजनीति के लिए इतना नीचे गिर जाना बेहद शर्मनाक है।एनडीए नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री की मां पर की गई टिप्पणी न केवल एक महिला का, बल्कि पूरे देश की भावनाओं का अपमान है। यही वजह है कि जनता ने NDA के आह्वान पर बिहार बंद का समर्थन किया।कटिहार और अन्य जिलों में NDA कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह सड़क जाम किया, नारेबाजी की और महागठबंधन की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। हालांकि पुलिस ने हालात पर नियंत्रण बनाए रखा और किसी बड़े टकराव की खबर नहीं है।फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम ने बिहार की राजनीति को और ज्यादा गर्मा दिया है। एक ओर NDA इस मुद्दे को जनभावनाओं से जोड़कर महागठबंधन को घेर रहा है, वहीं दूसरी ओर महागठबंधन के नेता अब सफाई देने में जुटे हैं। लेकिन फिलहाल सियासी तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा।
