मोतिहारी में भीषण सड़क हादसा – जयपुर से सीतामढ़ी जा रही बस पलटी

मोतिहारी में आज एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है।
राजस्थान के जयपुर से सीतामढ़ी जा रही डबल डेकर यात्री बस, कोटवा थाना क्षेत्र के एनएच-27 स्थित मठिया मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गई।

बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही सदर एसडीएम श्वेता भारती और कोटवा पुलिस प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

हादसे में दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायलों को आधा दर्जन से अधिक एम्बुलेंस की मदद से मोतिहारी सदर अस्पताल भेजा गया है। घायलों में पुरुष, बच्चे और एक गर्भवती महिला भी शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि सभी यात्री सीतामढ़ी जिले के रहने वाले हैं और जयपुर में मजदूरी का काम करने के बाद अपने घर लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों का कहना है कि बस चालक नशे में था और कल से ही लापरवाही से वाहन चला रहा था। तेज रफ्तार की वजह से यह बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

अस्पताल प्रबंधक कौशल दुबे ने बताया कि सभी घायलों का इलाज युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। करीब डेढ़ दर्जन घायल अस्पताल पहुंच चुके हैं और बाकी को लगातार एम्बुलेंस के जरिए लाया जा रहा है। आपातकालीन चिकित्सकों और अस्पताल कर्मियों की टीम घायलों के इलाज में जुटी हुई है।

वहीं, आशंका जताई जा रही है कि बस के अंदर अब भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *