कटिहार की सियासत में इस समय जबरदस्त हलचल मची हुई है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता हाथों में जलती मोमबत्तियां लिए सड़कों पर उतरे और कांग्रेस-राजद गठबंधन पर जमकर निशाना साधा।
मामला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी का है।
कटिहार के मिरचाई बाड़ी स्थित महावीर मंदिर के सामने से निकला यह कैंडल जुलूस पूरे शहर को राजनीति के रंग में रंगता नज़र आया।
सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की और संदेश दिया—
“मां का अपमान, अबकी बार नहीं सहेगा बिहार।”
युवा मोर्चा नेताओं ने कांग्रेस और राजद पर आरोप लगाया कि वोटर अधिकार यात्रा के नाम पर जनता को बरगलाया जा रहा है और मंच से अपशब्दों की राजनीति की जा रही है।
उनका कहना है कि यह सिर्फ प्रधानमंत्री की मां का नहीं, बल्कि देश की हर मां का अपमान है—जिसे बिहार कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।
मोमबत्तियां जलाकर कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि जब तक कांग्रेस और राजद इस बयान पर सार्वजनिक माफी नहीं मांगते, विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
पूरा इलाका गूंज उठा नारों से—
“मां का अपमान बंद करो, बिहार का सम्मान ज़िंदाबाद और भारत माता की जय।”
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर ऐसी भाषा पर रोक नहीं लगी, तो जनता आने वाले चुनाव में कांग्रेस-राजद को सबक सिखाने में देर नहीं करेगी।
युवा कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह विरोध केवल कटिहार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे बिहार में आंदोलन का रूप लेगा।
कटिहार की गलियों में इस समय एक ही संदेश गूंज रहा है—
“मां का अपमान नहीं सहेगा हिन्दुस्तान।”
