बिहार की राजनीति में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “मन की बात” कार्यक्रम और उस पर आए प्रतिक्रियाओं ने माहौल गर्म कर दिया।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रधानमंत्री की “मन की बात” को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्रीगण और भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम के बाद प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की प्रतिभाओं का उल्लेख करते हुए उड़ीसा की उस गरीब परिवार की बेटी की चर्चा की, जिसने खेल के क्षेत्र में पूरी दुनिया में भारत का परचम लहराया।

प्रधानमंत्री ने उससे बातचीत कर उसका हौसला बढ़ाया और उसके माता-पिता को भी सम्मान दिया।
जायसवाल ने बताया कि पीएम ने UPSC परीक्षा में योग्य लेकिन सूची से बाहर रह गए लगभग 10,000 युवाओं का नाम पोर्टल पर डालने के फैसले का जिक्र किया, ताकि उन्हें आगे अवसर मिल सके।
साथ ही, आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी सामान के उपयोग पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में देश में बने उत्पादों को ही प्राथमिकता दें।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी प्रधानमंत्री मोदी की “मन की बात” की सराहना की और कहा कि देश की संस्कृति, खेल भावना और इंजीनियरों की प्रतिभा ने भारत को मजबूती से आगे बढ़ाया है।
उन्होंने कश्मीर से कन्याकुमारी तक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के प्रधानमंत्री के प्रयासों को सराहा।
हालांकि, इसी दौरान सम्राट चौधरी ने राहुल गांधी पर भी जोरदार हमला बोला।
उन्होंने राहुल गांधी की “गाली-गलौज यात्रा” पर कटाक्ष करते हुए कहा कि—
“55 वर्षों तक गांधी परिवार ने देश पर राज किया और बिहार को कांग्रेस व राजद ने अंधकार में धकेल दिया। राहुल गांधी बिहार की उन्हीं सड़कों पर चले, जो एनडीए सरकार ने बनाई हैं।”
चौधरी ने आगे कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव मिलकर बिहार का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने तंज कसा—
“राजतंत्र की सोच रखने वाले लोग कभी नहीं चाहते कि किसी गरीब चायवाले का बेटा प्रधानमंत्री बने।”
इस तरह एक ओर भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री की “मन की बात” के जरिए आत्मनिर्भर भारत और प्रतिभा को प्रोत्साहन पर जोर दिया, वहीं दूसरी ओर बिहार की राजनीति में राहुल गांधी और विपक्ष पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी चलता रहा।
