पटना में भारी बवाल: मासूम लक्ष्मी और दीपक को न्याय की माँग में अटल पथ जाम, भीड़ का VIP गाडी और पुलिस पर हमला साथ ही खड़े वाहनों मे लगायी आग।
राजधानी पटना में दो मासूम बच्चों- लक्ष्मी और दीपक- की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर इंद्रपुरी इलाके के लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में रविवार के दिन बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और अटल पथ को जाम कर दिया।

सड़क जाम के कारण अटल पथ के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। इस बीच जब एस्कॉर्ट पुलिस पार्टी ने एक वीआईपी वाहन को जाम से निकालने की कोशिश की तो मौके पर मौजूद गुस्साई भीड़ भड़क गई। गुस्साए लोगों ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और वीआईपी वाहन के शीशे तोड़ दिए। हालात बिगड़ने पर पुलिसकर्मी किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
इस दौरान भीड़ ने कई वाहनों में आग भी लगा दी। अचानक हुई हिंसा से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
गौरतलब है कि 15 अगस्त को पटना के इंद्रपुरी इलाके में ही मासूम लक्ष्मी और दीपक की लाश एक बंद कार से बरामद हुई थी। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस मामले में पुलिस अब तक उचित कार्रवाई नहीं कर रही है। इसी वजह से आक्रोशित लोगों ने एक बार फिर सड़क जाम कर न्याय की माँग की है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन हालात को नियंत्रित करने में जुटे हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
