बिहार के कटिहार जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां तेंदुए की दस्तक से लोगों में दहशत का माहौल है। खेत में तेंदुआ देखे जाने की सूचना के बाद वन विभाग और पुलिस अलर्ट मोड में आ गए हैं।
कटिहार के डंण्डखोरा थाना क्षेत्र के बाहियार इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक किसान ने अपने मक्का के खेत में तेंदुआ देखने का दावा किया। बताया जा रहा है कि किसान सूरज मुर्मू खेत में पानी पटाने गया था, तभी अचानक उसकी नजर तेंदुए पर पड़ी।
इसके बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मक्का के घने खेतों में तेंदुआ छिपा हो सकता है, जिससे खतरा और बढ़ गया है।
ग्रामीणों को डर है कि खेतों में काम करने वाले किसान और आसपास खेलने वाले बच्चे तेंदुए का शिकार बन सकते हैं। इससे पहले भी कदवा इलाके में तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिल चुकी है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। आसपास के खेतों और संभावित ठिकानों की लगातार तलाशी ली जा रही है।
वहीं डंण्डखोरा थाना पुलिस भी पूरी तरह सतर्क है। गांव-गांव पुलिस गाड़ियों से माइकिंग कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। लोगों से कहा गया है कि वे अकेले खेतों में न जाएं और बच्चों को घर के आसपास ही रखें।
कटिहार के एसपी शिखर चौधरी का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। वन विभाग और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल प्रशासन अलर्ट मोड में है, लेकिन गांव वालों के दिलों में डर बना हुआ है। अब सवाल यही है कि क्या सच में तेंदुआ है या सिर्फ अफवाह… इसका जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा।
