700 फीट की जगह 500 फीट सड़क निर्माण बक्सा घाट रोड में 49 लाख की योजना पर सवाल।
ब्यूरो पूर्णिया: पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 7 स्थित बक्सा घाट रोड में सड़क निर्माण को लेकर गंभीर अनियमितता सामने आई है। नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से पूर्णिया सदर विधायक कोटे से 20 जून 2025 को इस सड़क का शिलान्यास किया गया था। निर्माण कार्य दिसंबर 2025 तक पूर्ण करना अनिवार्य था।
योजना के तहत मुख्य सड़क से रोहित सहनी के घर तक कुल 700 फीट पीसीसी कंक्रीट सड़क का निर्माण होना था। इस पर लगभग 49 लाख रुपये की लागत निर्धारित की गई थी। लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि संवेदक द्वारा महज 500 फीट सड़क का ही निर्माण कराया गया और शेष 200 फीट सड़क अधूरी छोड़ दी गई।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि जब अधूरे निर्माण का विरोध किया गया तो संवेदक की ओर से टालमटोल शुरू कर दी गई। इसके बावजूद अधूरी सड़क पर शिलापट्ट लगाकर कार्य पूर्ण होने का उल्लेख कर दिया गया, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
गली में रहने वाले लोगों का कहना है कि यह नगर निगम क्षेत्र है और विजय खेमका के विधायक कोटे से सड़क का निर्माण कराया जा रहा था। आरोप है कि आधी गली बनाकर ही कार्य पूर्ण दिखा दिया गया।
इस संबंध में जब विधायक विजय खेमका से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मामला अभी उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभाग से पूरी जानकारी लेकर कार्य को पूर्ण कराया जाएगा और किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अब देखना यह है कि विभागीय जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और अधूरी सड़क का निर्माण कब तक पूरा होता है। स्थानीय लोग जल्द से जल्द शेष सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं।
