केमिकल फैक्ट्री ब्लास्ट: 8 मजदूरों की मौत, 5 मजदूरों की मौत से मोतिहारी में छाया मातम

केमिकल फैक्ट्री ब्लास्ट: 8 मजदूरों की मौत, 5 मजदूरों की मौत से मोतिहारी में छाया मातम

राजस्थान में जिंदा जले मोतिहारी के 5 मजदूर
भिवाड़ी की केमिकल फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट, 8 की मौत; पूर्वी चंपारण के गांवों में कोहराम

राजस्थान के औद्योगिक शहर भिवाड़ी स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके ने बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के कई परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया है। फैक्ट्री में अचानक हुए विस्फोट के बाद आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे अंदर काम कर रहे मजदूरों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिल सका। आग और घने धुएं के बीच कई मजदूर जिंदा जल गए।

प्रशासन के अनुसार इस दर्दनाक हादसे में कुल 8 लोगों की मौत हुई है। इनमें मोतिहारी के 5 मजदूर शामिल हैं। जिला प्रशासन ने पांच मजदूरों की मौत की आधिकारिक पुष्टि कर दी है, जबकि अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

मृतकों में शिकारगंज थाना क्षेत्र के नुरुल्लाह गांव का एक मजदूर, घोड़ाशाहन का एक तथा हरसिद्धि प्रखंड के दो मजदूरों की पहचान हो चुकी है। शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण शिनाख्त में कठिनाई हो रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेजी सत्यापन के बाद ही मृतकों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।

हादसे की खबर मिलते ही नुरुल्लाह गांव समेत अन्य प्रभावित गांवों में कोहराम मच गया। कई परिवारों के इकलौते कमाने वाले सदस्य इस हादसे में जान गंवा बैठे। गांवों में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पूर्वी चंपारण के श्रम अधीक्षक रमाकांत ने कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवारों के संपर्क में है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, राजस्थान प्रशासन द्वारा हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।

यह हादसा एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *