पूर्णिया। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पूर्णिया के तत्वावधान में शहीद सैनिक रतन कुमार सिंह के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन पूर्व सचिव दिलीप ठाकुर ने किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूती प्रदान करना तथा कार्यकारिणी विस्तार को लेकर रणनीति तय करना था।
बैठक की शुरुआत शहीद रतन कुमार सिंह के तेल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों ने वर्ष 2019 के Pulwama attack को याद करते हुए 14 फरवरी को ब्लैक डे के रूप में मनाया और शहीद जवानों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रदेश महासचिव हरेश पांडे ने कहा कि पूर्णिया में कार्यकारिणी विस्तार को लेकर यह बैठक बुलाई गई है। उन्होंने जानकारी दी कि बिहार में शीघ्र ही राष्ट्रीय अधिवेशन सह सैनिक सम्मान समारोह आयोजित होने जा रहा है, जिसमें बिहार के महामहिम राज्यपाल, गृहमंत्री, डीजीपी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसी कार्यक्रम के निमंत्रण हेतु वे पूर्णिया पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा कि सीमांचल का केंद्र होने के बावजूद पूर्णिया इकाई के पदाधिकारियों को अपेक्षित सम्मान नहीं मिल पा रहा है। इस संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी 5 से 6 महीनों के भीतर पटना स्तर पर समन्वय स्थापित कर इन समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल की जाएगी। साथ ही सभी पूर्व सैनिकों से संगठन का दायरा बढ़ाने और संख्या बल मजबूत करने की अपील की।
शहीद रतन कुमार सिंह की पत्नी ने सभी पूर्व सैनिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज सभी भाइयों ने घर आकर सम्मान दिया है। उन्होंने बताया कि कारगिल युद्ध में वीरगति प्राप्त करने के बाद सरकार द्वारा उनके परिवार को 5 बीघा जमीन देने की घोषणा की गई थी। अब तक केवल 2 बीघा जमीन ही वास्तविक रूप से प्राप्त हो पाई है, जबकि शेष 3 बीघा जमीन पर कब्जा नहीं दिलाया गया है। इस संबंध में परिवार कई दफ्तरों के चक्कर लगा चुका है।
जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने कहा कि देश के सैनिक राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने से पीछे नहीं हटते। उन्होंने शहीद रतन कुमार सिंह के परिवार को संगठन का हिस्सा बताते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार के निर्देश पर बिहार के डीजीपी द्वारा प्रत्येक जिले में सैनिक डेस्क के गठन का आदेश दिया गया है, जिसका उद्देश्य सैनिकों और उनके परिजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
उन्होंने युवाओं से सेना में शामिल होकर राष्ट्र सेवा करने का आह्वान किया और केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के तहत शुरू की गई अग्निवीर भर्ती योजना की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का अवसर मिलता है।
बैठक में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारी
बैठक में प्रदेश महासचिव हरेश पांडे, विधि सलाहकार सार्जेंट धीरज कुमार, सीमांचल प्रमंडलीय प्रभारी कैप्टन डीएन झा, जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार, सचिव दिलीप ठाकुर, संयोजक मोहम्मद फखरुद्दीन, कोषाध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह, उपाध्यक्ष कृष्णा सिंह, ऋषि कुमार सिंह, राजेंद्र कुमार सिंह, शत्रुघ्न महतो, गौरव कुमार सिंह, अमरनाथ झा, गौतम सिंह तथा विधि सलाहकार मानस कुमार सिंह सहित अन्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
बैठक का समापन शहीदों को नमन और संगठन विस्तार के संकल्प के साथ किया गया।
