पूर्णिया सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, बम निरोधक दस्ता व डॉग स्कॉर्ट की टीम कर रही जांच।

पूर्णिया सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली; प्रशासन अलर्ट

पूर्णिया, प्रतिनिधि।
पूर्णिया सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार सुबह से ही प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया। एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को खाली करवा दिया गया और सभी न्यायिक कार्य तत्काल प्रभाव से रोक दिए गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और परिसर को सील कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनज़र कोर्ट परिसर को पूरी तरह सील कर दिया गया है। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड सहित विशिष्ट टीम को बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि “पूरी जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और घबराने की कोई बात नहीं है।”

इधर, वकीलों में इस घटना को लेकर चिंता और आक्रोश देखा गया। अधिवक्ताओं का कहना है कि हाल के दिनों में विभिन्न जिलों में इस तरह की धमकियों से भय और आतंक का माहौल बन रहा है। पूर्णिया में अब तक ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई थी, लेकिन आज की सूचना से अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम लोगों में डर का माहौल बन गया है।

वकीलों ने मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। कुछ अधिवक्ताओं ने सुझाव दिया कि यदि आवश्यकता हो तो जांच की जिम्मेदारी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंपी जानी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं के पीछे की साजिश का खुलासा हो सके।

गौरतलब है कि प्रतिदिन हजारों की संख्या में वादी-प्रतिवादी, अधिवक्ता और आम नागरिक कोर्ट परिसर में उपस्थित रहते हैं। ऐसे में किसी भी तरह की अप्रिय घटना से भारी जान-माल की क्षति हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *