स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए कितना है फायदेमंद, जानें इस खबर से

कोसी–सीमांचल में स्मार्ट मीटर जागरूकता पखवाड़ा शुरू, 23 फरवरी तक चलेगा अभियान।

पूर्णिया।
भारत सरकार के विद्युत विभाग के मार्गदर्शन में कोसी–सीमांचल क्षेत्र में स्मार्ट मीटर को लेकर 15 दिवसीय जागरूकता पखवाड़ा का आयोजन किया गया है। यह पखवाड़ा 9 फरवरी से 23 फरवरी तक चलेगा, जिसके तहत आम उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के लाभों के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान के दौरान जिन घरों में पहले से स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, वहां से फीडबैक लिया जाएगा, वहीं जिन घरों में अब तक स्मार्ट मीटर नहीं लगे हैं, उन्हें इसकी पूरी जानकारी दी जाएगी और उनकी शंकाओं का समाधान किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता (पूरब) बलवीर प्रसाद बागेश उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद यदि कोई उपभोक्ता 2000 रुपये से अधिक का रिचार्ज करता है, तो उसे सेविंग बैंक के समान ब्याज का लाभ मिलना शुरू हो जाता है। वहीं, अगर कोई उपभोक्ता 6 महीने का एक साथ रिचार्ज कराता है, तो यह सुविधा स्वतः लागू हो जाती है।

इस अवसर पर विद्युत अधीक्षक अभियंता बास्की शंकर रजक ने कहा कि आज स्मार्ट मीटर पखवाड़ा दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्णिया सर्कल में कुल लगभग 10 लाख बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें से अब तक 5 लाख उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। पुराने इलेक्ट्रॉनिक और मैकेनिकल मीटरों की तुलना में स्मार्ट मीटर कहीं अधिक बेहतर हैं, क्योंकि इसमें उपभोक्ताओं को बिजली खपत से जुड़ी सभी जानकारियां पूरी तरह पारदर्शी रूप से देखने को मिलती हैं।

उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर का सबसे बड़ा लाभ यह है कि उपभोक्ताओं को पुराने मीटर की तुलना में प्रति यूनिट 25 पैसे की सीधी छूट मिलती है, जिससे बिजली बिल में बचत होती है। इसके अलावा, स्मार्ट मीटर लगाने से पहले यदि किसी उपभोक्ता पर बिजली बिल का बकाया है—चाहे वह कम हो या अधिक—तो विभाग की ओर से राहत दी जा रही है। बड़े बकाया वाले उपभोक्ताओं को 10 वर्षों तक किस्तों में बिजली बिल भुगतान की सुविधा दी जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ कम हो सके।

अधिकारियों ने बताया कि जिले में स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं में संतोष देखा जा रहा है। विभाग का अगला लक्ष्य शेष बचे उपभोक्ताओं के घरों में भी जल्द से जल्द स्मार्ट मीटर लगाना है।

इसी उद्देश्य को लेकर कोसी–सीमांचल क्षेत्र में 15 दिवसीय स्मार्ट मीटर जागरूकता पखवाड़ा चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसके लाभों को समझ सकें और स्मार्ट मीटर लगवाने के लिए आगे आएं।

इस दौरान एनसीसी के डीजीएम सिलम अंकल रेड्डी ने बताया कि पूर्णिया जिले में अब तक लगभग 2 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं और शेष 2 लाख मीटर लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि लोगों में अभी भी जागरूकता की कमी देखने को मिल रही है, लेकिन स्मार्ट मीटर पखवाड़ा के माध्यम से इसे दूर किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “हमारा मुख्य उद्देश्य यही है कि 15 दिनों तक चलने वाले इस अभियान के दौरान हर घर जाकर लोगों को स्मार्ट मीटर के प्रति जागरूक किया जाए और उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *