रिपोर्ट: रब्बा खान (बांदा) उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को बांदा पहुंचे। पुलिस लाइन में उनका हेलीकॉप्टर उतरा, जहां से वह विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए रवाना हुए। बांदा पहुंचते ही डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा के घोषणा पत्र को 'ढकोसला पत्र' करार देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी गुंडों के बिना शून्य है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी केवल वादे करती है, लेकिन उन्हें पूरा नहीं करती। जनता अब उनके झूठे वादों में आने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की जाएगी और चुनावी लक्ष्य निर्धारित किए जाएंगे।

डिप्टी सीएम ने यह भी बताया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। उनके इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी की ओर से आयोजित भक्त चरित्र कथा में शामिल होने जे.एन. कॉलेज मैदान पहुंचे। यहां प्रख्यात कथावाचक इंद्रेश जी महाराज के सानिध्य में पांच दिवसीय भक्त चरित्र कथा का आयोजन किया जा रहा है। डिप्टी सीएम ने कथा का श्रवण किया और आयोजकों तथा श्रद्धालुओं से मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि जिन लोगों को कथा और धार्मिक आयोजनों से परेशानी थी, वे लोग अब बहुत दूर जा चुके हैं। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और धार्मिक वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम ने पंडित जे.एन. डिग्री कॉलेज परिसर में आयोजित भंडारे में भी हिस्सा लिया और प्रसाद ग्रहण किया।
कुल मिलाकर केशव प्रसाद मौर्य का बांदा दौरा धार्मिक और राजनीतिक, दोनों दृष्टिकोण से चर्चा में रहा। एक ओर उन्होंने धार्मिक आयोजन में भाग लेकर श्रद्धालुओं के साथ समय बिताया, वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए 2027 के चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों का संकेत दिया।
Continue With Google