अमित सिंह, हरदोई। जिले के पाली थाना क्षेत्र के बैजूपुर गांव में बिजली का करंट लगने से 21 वर्षीय विवाहिता की दर्दनाक मौत हो गई। महिला अपने परिवार में आयोजित भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए आई थी। इस हादसे के बाद शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं और पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बैजूपुर गांव निवासी बृजकांत की पुत्री रोशनी मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए बिजली के बोर्ड में चार्जर लगा रही थी। इसी दौरान अचानक उसे बिजली का जोरदार करंट लग गया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ी। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाली लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतका के पिता की ओर से दी गई सूचना के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
जिस घर में भतीजी की शादी को लेकर उत्सव का माहौल था, वहां अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से खुशियां गम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है।
Continue With Google