मनोज कुमार मिश्रा, श्रावस्ती (उत्तर प्रदेश)। जिले के नवागत जिलाधिकारी मनोज कुमार राय ने पदभार संभालते ही भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा एक्शन लिया है। रिश्वत मांगने और जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत के मामले में जांच के बाद एक लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है। जिलाधिकारी की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद कार्यक्रम के दौरान एक महिला ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी शिकायत रखते हुए जमीन पर अवैध कब्जे और मामले के निस्तारण के लिए रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। महिला ने न्याय की गुहार लगाते हुए पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की थी।

नवागत जिलाधिकारी मनोज कुमार राय ने महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कराई। जांच के बाद संबंधित लेखपाल को निलंबित करने की कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी के इस कदम को जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रशासन की सख्ती के रूप में देखा जा रहा है।

वहीं, जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने आम लोगों की समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान कुल 11 शिकायतें प्राप्त हुईं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने और जहां संभव हो, मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी मनोज कुमार राय ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी और जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों पर उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नवागत जिलाधिकारी की पहले ही दिन की इस कार्रवाई से जिले के सरकारी महकमों में स्पष्ट संदेश गया है कि जनहित के मामलों में लापरवाही और भ्रष्टाचार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।