रिपोर्ट: अमित औदिच्या, फर्रुखाबाद। जिले के कमालगंज में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने थाना समाधान दिवस के अवसर पर संयुक्त रूप से जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल आठ शिकायतें प्राप्त हुईं, जो सभी राजस्व विभाग से संबंधित थीं। डीएम और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

थाना समाधान दिवस के दौरान चाचूपुर में जमीन विवाद से जुड़ी शिकायत सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने जमीन पर की गई पत्थरबंदी को हटाने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। वहीं, पांच साल से विरासत दर्ज नहीं होने के मामले में डीएम ने संबंधित कानूनगो से जवाब मांगा। उन्होंने भूमि विवादों के निस्तारण के लिए राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच कराने को कहा।

इसके बाद जिलाधिकारी रजीपुर बूथ पहुंचे, जहां उन्होंने मतदाता पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएम ने एक स्कूल का निरीक्षण भी किया। इस दौरान व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और प्रधानाध्यापिका को कड़ी फटकार लगाई। स्कूल में बिजली की व्यवस्था ठीक नहीं मिलने पर सुधार के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों को नियमित रूप से यूनिफॉर्म में विद्यालय बुलाने को कहा। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी भी दी।

दौरे के अंतिम चरण में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक शेखपुर मेले में पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।