रिपोर्ट: उज्जवल रस्तोगी, मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में थाना सदर बाजार क्षेत्र के आबूलेन स्थित होटल स्क्वायर में एक युवती के कथित अपहरण और उसके साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक सड़क पर युवती के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद की रहने वाली एक युवती का उसके पूर्व प्रेमी सलमान पर अपहरण कर होटल में ले जाने और पूरी रात कमरे में रखकर प्रताड़ित करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि युवती किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर सड़क पर पहुंची, जहां आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ सरेआम मारपीट की। इस दौरान होटल कर्मचारियों द्वारा आरोपी युवक को वहां से भगाने की बात भी सामने आई है।

मामले में होटल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि होटल में बिना आवश्यक एंट्री और पहचान संबंधी औपचारिकताएं पूरी किए तीन प्रेमी जोड़ों को कमरे उपलब्ध कराए गए थे। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने आरोपी सलमान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोपी के एनकाउंटर की मांग के साथ ही होटल को सील कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई है।

इस घटना के बाद सदर बाजार क्षेत्र में संचालित होटलों, मसाज पार्लरों और हुक्का बार की गतिविधियों को लेकर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों और होटल प्रबंधन की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।