पटना। बिहार की महिलाओं को लेकर यूट्यूबर यश महेश्वरी की कथित अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है। इस मामले को लेकर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अखिलेश सिंह ने बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

पटना पहुंचने पर मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश सिंह ने कहा कि बिहार की महिलाओं को लेकर इस तरह की टिप्पणी बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। सरकार को इस मामले में तत्काल संज्ञान लेना चाहिए और संबंधित प्रशासन को दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का निर्देश देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि बिहार लोक आस्था के महापर्व छठ के लिए देशभर में जाना जाता है। ऐसे राज्य की महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी को किसी भी सूरत में नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए जल्द कार्रवाई करने की अपील की।

अखिलेश सिंह ने बीजेपी पर भी राजनीतिक निशाना साधा। उन्होंने कहा कि फिलहाल बिहार में बीजेपी की सरकार है, इसलिए इस मामले में जवाबदेही भी सरकार की बनती है। उन्होंने बीजेपी की भूमिका और भागीदारी को लेकर भी सवाल उठाए तथा कहा कि इस मुद्दे पर बीजेपी से सवाल पूछा जाना चाहिए।

इस तरह बिहार की महिलाओं के सम्मान से जुड़े इस मामले में अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।