चंद्रभान मौर्य, महाराष्ट्र। छठ महापर्व को लेकर देशभर के रेलवे स्टेशनों पर छठ गीतों के प्रसारण की व्यवस्था की गई है। इसी क्रम में महाराष्ट्र के रेलवे स्टेशनों पर भी छठ गीत बजाए जा रहे हैं। हालांकि, महाराष्ट्र में छठ गीतों के प्रसारण को लेकर विरोध का मामला सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की नगरसेविका माधुरी मांजरेकर ने रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर छठ गीत बजाए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने स्टेशन मास्टर को इस संबंध में लिखित शिकायत भी सौंपी।

 

माधुरी मांजरेकर का कहना है कि रेलवे स्टेशनों पर हिंदी, अंग्रेजी और मराठी भाषाओं में घोषणाएं की जाती हैं, लेकिन भोजपुरी भाषा में गाने क्यों बजाए जा रहे हैं? उन्होंने रेलवे द्वारा भोजपुरी छठ गीतों के प्रसारण पर सवाल उठाते हुए इसका विरोध किया।

गौरतलब है कि छठ महापर्व बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल सहित देश के कई राज्यों में बड़े पैमाने पर मनाया जाता है। इस पर्व से लाखों परिवारों की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराएं जुड़ी हुई हैं। छठ के अवसर पर दूसरे राज्यों में रहने वाले बिहार और पूर्वांचल के लोग भी अपने घरों की ओर लौटते हैं।

छठ महापर्व को देखते हुए केंद्र सरकार और रेलवे की ओर से कई रेलवे स्टेशनों पर विशेष सजावट की गई है। बस स्टैंड और हवाई अड्डों पर भी छठ पर्व के स्वागत की तैयारियां की गई हैं। वहीं, छठ गीतों के प्रसारण के जरिए यात्रियों को महापर्व की शुभकामनाएं देने और पर्व से जुड़ी जानकारी साझा करने की पहल की गई है।

अब महाराष्ट्र में छठ गीतों के प्रसारण को लेकर उठे इस विरोध के बाद भाषा, संस्कृति और धार्मिक आस्था को लेकर नई बहस शुरू हो सकती है।