रिपोर्ट: संजय कुमार, पटना | बिहार

बिहार की राजनीति में जेडीयू के एमएलसी उम्मीदवार नीरज कुमार और जेडीयू विधायक अनंत सिंह के बीच विवाद की चर्चाओं के बीच पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नीरज कुमार के आवास पर पहुंचे। चुनाव से ठीक एक दिन पहले हुई इस मुलाकात को राजनीतिक दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, नीतीश कुमार जब नीरज कुमार के आवास पहुंचे, उस वक्त नीरज कुमार आराम कर रहे थे। नीतीश कुमार के आने की जानकारी मिलते ही वे उठे और उनका अभिवादन किया। इस दौरान नीतीश कुमार ने उन्हें भरोसा दिलाते हुए कहा, “टेंशन मत लीजिए, आराम कीजिए।”

नीतीश कुमार के इस अंदाज को चुनाव से पहले नीरज कुमार का मनोबल बढ़ाने और उन्हें आश्वस्त करने के तौर पर देखा जा रहा है। मुलाकात के दौरान उन्होंने नीरज कुमार को अगले दिन होने वाले चुनाव के लिए आशीर्वाद भी दिया।

चुनाव से ठीक पहले नीतीश कुमार का नीरज कुमार के घर पहुंचना सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। जेडीयू उम्मीदवार के प्रति उनका यह समर्थन ऐसे समय सामने आया है, जब नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच विवाद को लेकर राजनीतिक चर्चाएं जारी हैं।

अब सबकी नजरें चुनाव पर टिकी हैं, जहां यह देखना दिलचस्प होगा कि राजनीतिक घटनाक्रम का चुनावी माहौल पर क्या असर पड़ता है।