सावन की तीसरी सोमवारी पर जल भरने पहुंचे थे बच्चे, हादसे के बाद तीन परिवारों में मचा कोहराम
कटिहार। फलका थाना क्षेत्र में सावन की तीसरी सोमवारी के दिन कमला नदी में बड़ा हादसा हो गया। नदी में नहाने के दौरान सात बच्चे गहरे पानी में चले गए। हादसे में तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि स्थानीय लोगों की तत्परता से चार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बताया जा रहा है कि सावन की तीसरी सोमवारी को बच्चे कमला नदी से जल भरने पहुंचे थे। इसी दौरान नहाने के क्रम में सात बच्चे नदी के गहरे पानी में चले गए। नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था। अचानक पैर फिसलने से बच्चे गहरे पानी में चले गए और चीख-पुकार मच गई।
बच्चों को डूबता देख आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल नदी में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि तीन बच्चों को नहीं बचाया जा सका। सभी बच्चों को पानी से निकालने के बाद कोढ़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीन बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। तीन बच्चों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया। सावन की सोमवारी को लेकर जिन घरों में खुशी का माहौल था, वहां अचानक मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने नदी घाट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सोमवारी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी घाटों पर पहुंचे थे, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। परिजनों ने प्रशासन से नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, बैरिकेडिंग कराने और पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
