“सीमांचल की प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान, 23 अगस्त को होगा यूथ आइकॉन सम्मान समारोह”

पूर्णिया। सीमांचल क्षेत्र की प्रतिभाओं, युवाओं, समाजसेवियों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्यमियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करने के उद्देश्य से आगामी 23 अगस्त 2026 को विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल, पूर्णिया में “सीमांचल यूथ आइकॉन सम्मान समारोह 2026” का आयोजन किया जाएगा। इस भव्य समारोह का आयोजन Eventgic Media द्वारा किया जा रहा है, जबकि Vidya Vihar Career Plus (VVCP) एवं Let’s Inspire Bihar कार्यक्रम के प्रमुख सहयोगी होंगे।

इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजकों ने बताया कि सीमांचल क्षेत्र में शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, सामाजिक सेवा, खेल, कला एवं संस्कृति, युवा उद्यमिता, दूरसंचार, राजनीति, मनोरंजन तथा रियल एस्टेट सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में सकारात्मक कार्य कर रहे लोगों को पहचान दिलाना तथा युवाओं को प्रेरित करना है।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विद्या विहार ग्रुप के सचिव श्री राजेश चंद्र मिश्रा ने कहा कि सीमांचल प्रतिभाओं की धरती है, लेकिन यहां कई ऐसे लोग हैं जिन्हें उनके उत्कृष्ट कार्यों के अनुरूप पहचान नहीं मिल पाती। यह सम्मान समारोह ऐसे लोगों को समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन क्षेत्र के विकास एवं सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

VVCP के निदेशक श्री प्रशांत शंकर ने कहा कि युवाओं को प्रेरित करने के लिए सफल एवं समाज के लिए योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को मंच प्रदान करना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कार्यक्रम सीमांचल के युवाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करेगा।

VVRS की प्रशासक श्रीमती सुप्रिया मिश्र ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करना सामाजिक दायित्व है। ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने सीमांचलवासियों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

Eventgic Media के प्रमुख श्री चंदन राज ने बताया कि यह समारोह सीमांचल के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य सीमांचल की सकारात्मक छवि को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करना तथा समाज में विशिष्ट पहचान बनाने वाले लोगों को सम्मानित करना है। उन्होंने चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष बताते हुए कहा कि विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों की सहभागिता से सम्मान हेतु योग्य व्यक्तियों का चयन किया जाएगा।

कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए PRO श्री आशीष झा ने बताया कि सम्मान समारोह के लिए विभिन्न श्रेणियों में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएं निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि समारोह में बिहार सरकार के कई मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद, समाजसेवी, उद्योगपति एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होंगी। वहीं मगध रेंज के आईजी विकास वैभव विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

आयोजकों के अनुसार यह आयोजन सीमांचल के विकास, युवाओं के उत्थान तथा समाज में सकारात्मक योगदान देने वाले लोगों को एक मंच पर लाने का प्रयास है, जो आने वाले वर्षों में एक बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकता है। कार्यक्रम में हजारों लोगों की सहभागिता की उम्मीद जताई गई है।

प्रेस वार्ता में विद्या विहार ग्रुप के सचिव राजेश चंद्र मिश्रा, VVCP के निदेशक प्रशांत शंकर, VVRS की प्रशासक सुप्रिया मिश्र, Eventgic Media के प्रमुख चंदन राज एवं PRO आशीष झा उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *